कृषि सखी का पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
बैतूल। (ताप्ती अमृत)कृषि विज्ञान केन्द्र बैतूल में प्राकृतिक खेती पर कृषि सखी का 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम विगत दिनों संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. व्ही. के. वर्मा एवं मुख्य अतिथि श्री सुधाकर पवार उपस्थित थे। प्रशिक्षण के आरंभ में केन्द्र प्रमुख डॉ.एस.के. तिवारी ने सभी सम्मानित सदस्यों का स्वागत किया एवं कृषि सखी को प्राकृतिक खेती का महत्व बताया। इस प्रशिक्षण के दौरान केंद्र के वैज्ञानिक, डॉ. सजीव वर्मा ने प्राकृतिक खेती के द्वारा मृदा स्वास्थ्य सुधार के बारे में बताया। केन्द्र के पौध संरक्षण वैज्ञानिक श्री आर.डी. बारपेटे ने प्राकृतिक प्रबंधन उपाय के द्वारा कीट एवं रोग से बचाव के बारे में बताया। डॉ. मेघा तिवारी वैज्ञानिक और डॉ. एम.पी. इंगले द्वारा प्राकृतिक घटक जीवामृत, बीजामृत, नीमास्त्र और दशपर्णी बनाने का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। डॉ. संजय जैन ने देशी बीज तथा उन्नत किस्मों की जानकारी प्रदान की। इस दौरान अतिथियों के द्वारा कृषि सखी को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह प्रशिक्षण 24 से 28 सितम्बर 2025 तक कृषि विज्ञान केन्द्र बैतूल में दिया गया। कार्यक्रम के अन्त में डॉ. मेघा तिवारी के द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में केन्द्र के सभी वैज्ञानिक उपस्थित थे।

