कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण: कलेक्टर सूर्यवंशी
बैतूल । (ताप्ती अमृत)बैतूल कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया। जनसुनवाई में कुल 177 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का निराकरण गंभीरता पूर्वक किए जाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि एक ही शिकायत के निराकरण के लिए आवेदकों को बार-बार जनसुनवाई में न आना पड़े यह सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, अपर कलेक्टर सुश्री वंदना जाट ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजस्व रिकॉर्ड फाइल उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
मुलताई तहसील के ग्राम नगरकोट निवासी पंकज खातरकर ने अनावेदकों द्वारा पीएम आवास निर्माण कार्य नहीं करने देने की शिकायत की। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मुलताई तहसीलदार को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। मुलताई निवासी दयाल सिंह ने राजस्व रिकॉर्ड फाइल उपलब्ध कराए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मुलताई एसडीएम को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम कान्हावाडी निवासी नरेंद्र उइके ने आवेदन के माध्यम से गैर आदिवासी को अधीक्षक बनाए जाने संबंधी शिकायत की। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। मुलताई तहसील के ग्राम परमंडल निवासी घुड़िया ने ऋण पुस्तिका में नाम सुधारने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मुलताई एसडीएम को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।
अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
भैंसदेही तहसील के ग्राम आमला निवासी काशीनाथ कापसे ने जमीन का सीमांकन कर अवैध कब्जा दिलवाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने भैंसदेही एसडीएम को तत्काल सीमांकन किए जाने के निर्देश दिए। आठनेर निवासी सुभाषचंद्र जायसवाल ने आवेदन के माध्यम से अतिक्रमण को हटाए जाने की मांग की। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने आठनेर तहसीलदार को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम मंडई खुर्द निवासी पतिराम गंगारे ने आवेदन के माध्यम से निराकरण प्रकरण की जानकारी संबंधित न्यायालय द्वारा नहीं दिए जाने की शिकायत की। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
तहसीलदार को सीमांकन करने के दिए निर्देश
मुलताई तहसील के ग्राम छिंदखेड़ा निवासी कुसुम ने अनावेदकों पर तत्काल उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मुलताई तहसीलदार को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। ग्राम भेलकुंड निवासी सुभाष बर्डे ने शासकीय भूमि के अर्थ दंड की राशि आवेदक के नाम से दिए जाने के लिए गुहार लगाई। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने भैंसदेही एसडीएम को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। बैतूल निवासी बाबूलाल वाडबुदे ने पेंशन प्रकरण का निराकरण कर पेंशन का भुगतान किए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर से सूर्यवंशी ने जिला पेंशन अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम महतपुर निवासी शंकर साहू ने सीमांकन कराने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मुलताई तहसीलदार को प्रकरण के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।


