बैतूल जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर आयोजित
बैतूल । (ताप्ती अमृत ) स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 जुलाई को जिला चिकित्सालय बैतूल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज हुरमाड़े ने बताया कि शिविर में 101 गर्भवती महिलाओं की चिकित्सकीय जांच हुई, इनमें 33 गर्भवती महिलाओं को हाई रिस्क के रूप में चिन्हित किया गया। इनकी नियमित निगरानी कर उचित प्रबंधन के साथ ही सुरक्षित प्रसव करवाया जाएगा, 76 गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी की गई। शिविर में समस्त महिलाओं की खून की एवं जीडीएम की जांच की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ ईशा डेनियल द्वारा 40 गर्भवती महिलाओं की जांच एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र आठनेर में स्त्री रोग चिकित्सक डॉ रूपल श्रीवास्तव द्वारा 107 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिसमें 32 हाई रिस्क महिलाएं पाई गई।
सीएमएचओ डॉ हुरमाड़े ने बताया कि शिविर का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व स्वास्थ्य संस्था में आवश्यक जांचे, चिकित्सकीय परीक्षण, परामर्श और हाई रिस्क महिलाओं का उचित प्रबंधन कर संस्थागत सुरक्षित प्रसव करवाना है, जिससे मातृ एवम शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सके।
