संभागायुक्त के.जी. तिवारी ने आमला तहसील का किया औचक निरीक्षण कोई भी प्रकरण ऑफलाइन दर्ज नहीं हो सुनिश्चित कराएं
कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं जांचीं, नॉमिनी अद्यतन किए जाने के निर्देश
राजस्व प्रकरणों की तामिली त्वरित किए जाने और अपील अवधि के पश्चात प्रकरण रिकॉर्ड रूम में भेजने के भी निर्देश
बैतूल।( ताप्ती अमृत)संभागायुक्त नर्मदापुरम श्री के.जी. तिवारी ने गुरुवार को कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के साथ आमला तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय की आधारभूत सुविधाओं शौचालय, पेयजल, बैठक व्यवस्था, सफाई तथा डिजिटल उपकरणों की स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया। संभागायुक्त श्री तिवारी ने तहसील कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए इसे और अधिक आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को राज्य और जिला स्तरीय बैठकों में डिजिटल रूप से सुगमता से जुड़ने की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए।
प्रकरणों की डिजिटल एंट्री अनिवार्य, ऑफलाइन एंट्री पर सख्ती-
तहसील कोर्ट के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री तिवारी ने आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी राजस्व प्रकरण ऑफलाइन दर्ज नहीं किया जाए। उन्होंने रेंडमली कुछ प्रकरणों का पोर्टल से मिलान भी कराया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी हो। उन्होंने तहसीलदार को सख्त निर्देश दिए कि राजस्व मामलों में आदेश पारित होने के पश्चात संबंधित पक्षों को आदेशों की तामिली अनिवार्य रूप से तीन कार्य दिवसों के भीतर कराई जाए और तामिल दस्तावेजों को अपील अवधि के पश्चात तुरंत रिकॉर्ड रूम में सुरक्षित रूप से जमा कराया जाना सुनिश्चित करें।
एसडीएम कोर्ट की स्थिति संतोषजनक, प्रकरणों के निराकरण की सराहना
एसडीएम कोर्ट के निरीक्षण में संभागायुक्त श्री तिवारी ने आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जांच की। रेंडमली चुने गए प्रकरणों के आधार पर उन्होंने पाया कि मामलों के निराकरण की स्थिति संतोषजनक है। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने तहसील कार्यालय की स्थापना व्यवस्था, हेल्प डेस्क अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं, आकस्मिक व्यय पंजी और अन्य प्रशासनिक दस्तावेजों का भी गहन अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सेवा पुस्तिकाओं में नॉमिनी संबंधी जानकारियों को शीघ्रता से अद्यतन कराया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सेवा पुस्तिका तथा आईएफएमएस डाटा में कोई भी विसंगति न हो। इसके अलावा संभागायुक्त श्री तिवारी ने मेंटेनेंस मद में शेष राशि का शीघ्र आहरण कर आवश्यक कार्यालयीन सुविधाएं सुधारने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री गणेश जैसवाल, तहसीलदार श्रीमती ऋचा कौरव, नायब तहसीलदार श्री श्याम बिहारी सहित अन्य राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

