शांति समिति की बैठक में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल को लेकर नहीं बनी सहमति ,कुंड में प्रतिमा विसर्जन करने साफ इनकार
सारनी।( ताप्ती अमृत) आगामी त्यौहार दुर्गा उत्सव, दशहरा को लेकर शांति समिति की बैठक थाना सारनी में मंगलवार 16 सितम्बर को शाम 05 बजे रखी गई थी जिसे बारिश के कारण परिवर्तन कर थाना सारनी से श्रम कल्याण केंद्र के हॉल में आयोजित किया गया । जिसमें प्रशासन के सभी अधिकारी एवं समस्त पत्रकार बंधु ,गणमान्य नागरिक, दुर्गा प्रतिमा कि स्थापना करने वाले समिति के सदस्य गण उपस्थित रहें।
कुंड में प्रतिमा विसर्जन करने साफ इनकार
बैठक में मुख्य रूप से प्रतिमा विसर्जन का मुद्दा उठाया गया जिस पर बैठक में उपस्थित समस्त लोगों ने आपत्ति दर्ज करते हुए कुंड पर प्रतिमा विसर्जन करने से साफ इनकार कर दिया । पूरे बैठक के दौरान इस मुद्दे को लेकर काफी बहस चलती रही परन्तु आखिरकार इस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया। बैठक में उपस्थित लोगों ने यह बार-बार कहा कि हम कुंड में प्रतिमा विसर्जन नहीं करेंगे यह हमारे आस्था पर आघात पहुंचाया जा रहा है यदि प्रशासन को इतनी चिंता है तो विसर्जन स्थल पर पूर्ण व्यवस्था कर सहयोग करें पर हम किसी भी हालत में कुंड में प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं करेंगे यह हमारी धार्मिक आस्था का सवाल है । बैठक में अनुविभागीय अधिकारी एसडीएम शाहपुर प्रपाज आर, तहसीलदार संध्या रावत , एसडीओपी प्रियंका करचाम, नायब तहसीलदार संतोष पाथौरिया थाना प्रभारी जयपाल इवनाती, नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, बिजली विभाग सिविल विभाग के अधिकारी गणमान्य नागरिक भाजपा के जिला एवं मंडल के पदाधिकारी , कांग्रेस पार्टी,आम आदमी पार्टी, सहित सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे
बुधवार को विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर होगा निर्णय
इस मामले पर आखिरकार जब कोई निर्णय नहीं हो पाया तो एसडीएम प्रांपज आर द्वारा लोगों से यह सुझाव मांगा गया कि आप किस जगह पर प्रतिमाओं का विसर्जन करना चाहते हैं ।जिस पर लोगों ने कहा कि हम कुंड पर विसर्जन नहीं कर पाएंगे बाकी आप नदी के किसी भी किनारे पर जहां पर प्रशासन की ओर से विसर्जन करने हेतु पूर्ण रूप से व्यवस्थाएं कर दीजिए हम प्रतिमा विसर्जन करने के लिए तैयार हैं । जिस पर एसडीएम ने सुझाव सुनने के पश्चात बुधवार को नदी किनारों के अन्य स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन हेतु स्थान सुनिश्चित करने के लिए स्थल निरीक्षण का निर्णय लिया जिसमें बुधवार को नागरिकों के एक दल के साथ प्रशासनिक अमला नदी किनारों में प्रतिमा विसर्जन करने हेतु उपयुक्त स्थल निरीक्षण कर निर्णय लिया जाएगा।
