नर्मदापुरम संयुक्त संचालक ने किया नगर पालिका सारनी का निरीक्षण, अधिकारियों की बैठक लेकर दिए रिकार्ड दुरूस्त करने के निर्देश
संयुक्त संचालक ने कहा आम नागरिकों को कामों के लिए ना लगाने पड़े कार्यालय के चक्कर, संपत्ति कर जलकर वसूली की समीक्षा की
सारनी। (ताप्ती अमृत)नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग नर्मदापुरम संभाग के संयुक्त संचालक राधेश्याम मंडलोई ने बुधवार 30 जुलाई 2025 को नगर पालिका कार्यालय सारनी का निरीक्षण किया। प्रत्येक शाखा में जाकर उन्होंने कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अधिकारी. कर्मचारियों की बैठक भी ली।
नर्मदापुरम संभाग के संयुक्त संचालक राधेश्याम मंडलोई बुधवार को दोपहर 1.30 बजे नगर पालिका कार्यालय सारनी पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम के साथ कार्यालय की योजना शाखा, आवक-जावक, राशन कार्ड शाखा, लेखा शाखा, पी.डब्ल्यू डी. शाखा, जल प्रदाय, स्थापना, स्वास्थ्य शाखा समेत अन्य शाखाओं के कक्षों में जाकर निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने नगर पालिका सभाकक्ष में सभी शाखा प्रमुखों की बैठक ली। बैठक के दौरान संयुक्त संचालक ने योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जलकर की वसूली सख्ती से की जाए। जलकर नहीं देने वालों के कनेक्शन काटे जाएं। श्री मंडलोई ने संपत्तिकर की वसूली की जानकारी भी ली। उन्होंने प्रतिदिन फील्ड में रहकर वसूली करने के निर्देश संबंधित प्रभारी को दिए। लेखा शाखा, राजस्व शाखा एवं योजना शाखा के रिकार्ड दुरूस्त करने के निर्देश दिए। सी.एम. हेल्पलाइन का समय सीमा में निराकरण किए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। जन्म-मृत्यु शाखा की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जन्म प्रमाण पत्र जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सामान्य कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राही को प्रदान किया जाएं। जबकि मृत्यु प्रमाण पत्र हितग्राही के घर ले जाकर पहुंचाया जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएं। किसी काम के लिए उन्हें कार्यालय के चक्कर ना लगाना पड़े। बैठक में नगर पालिका की सभी शाखाओं के प्रभारी, उपयंत्री समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


