सांदीपनि विद्यालय घोड़ाडोंगरी में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 सांदीपनि विद्यालय घोड़ाडोंगरी में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित







नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को दिखाई लघु फिल्म




बैतूल । (ताप्ती अमृत) मप्र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान के तहत गुरुवार को सांदीपनि विद्यालय घोड़ाडोंगरी में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्री आम्रपाली दहात, हेड कांस्टेबल श्री रमेश टेकाम द्वारा लगभग 400 छात्र, छात्राओं को नशामुक्ति पर समझाइश देते हुए नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत लघु फिल्म दिखाई गई। थाना प्रभारी श्री आम्रपाली दहात ने छात्रों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन एक गंभीर सामाजिक समस्या है जो व्यक्ति, परिवार और समाज को गहरे स्तर पर प्रभावित करता है। उन्होंने "नशा मुक्त हो मध्यप्रदेश" स्लोगन के माध्यम से कहा कि किसी भी चीज का नशा न केवल व्यक्तियों के स्वास्थ्य को खतरे में डालता है, बल्कि अपराधों में वृद्धि का भी एक प्रमुख कारण है। इस गंभीर समस्या से समाधान और एक स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए "नशे से दूरी है जरूरी" एक व्यापक नशा मुक्ति जन जागृति अभियान पूरे मध्यप्रदेश में चलाया जा रहा है। उन्होंने विद्यालयीन छात्र, छात्राओं को अपने आसपास नशा करने वाले व्यक्तियों को समझाइश देकर नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने की अपील की। यह अभियान समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से ही सफल हो सकता है। नशा मुक्ति अभियान को लेकर छात्र, छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं विद्यालय स्तर पर नशा मुक्ति पर जागरूकता पखवाड़ा अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान प्राचार्य श्री विवेक तिवारी एवं संस्था के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form